संजु चौधरी, शिमला: मंडियों में सेब की पेटी पर दो किलो की काट को माकपा नेता व सेब बाहुल क्षेत्र ठियोग से पूर्व में विधायक रहे राकेश सिंघा ने आढ़तियों की मनमानी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का सेब किलो के हिसाब से खरीदने का फैसला ऐतिहासिक हैं। पूर्व में भी सरकार ने इस तरह के निर्णय लिए लेकिन सफलता हासिल नहीं हुई। सेब की खेती में 2 किलो की काट करना पूरी तरह गलत हैं, इस पर लगाम लगाना जरूरी हैं।
उन्होंने कहा की किलो के हिसाब से सेब खरीद में आढ़तियों को जो मोटा मुनाफा होता था वह नहीं होगा जिसके बाद इस फैसले का विरोध किया जा रहा हैं।
आढ़ती आगे भी अडंगा लगाने की कोशिश करेंगे लेकिन सरकार को इस फैंसले से पीछे नहीं हटना चाहिए। अगर उन्हें ऐसा लगा तो वह सड़कों पर उतरकर विरोध करने से पीछे नही हटेंगे।
वहीं सेब को नाले में फेंकने की वीडियो को माकपा नेता राकेश सिंघा ने सियासत करार दिया। राकेश सिंघा ने कहा कि पहाड़ों में सेब और देवता को एक माना जाता हैं। उसे कोई नाले में नही फेंकता लेकिन अगर बीमारी या अन्य वजहों से सेब गिर जाता है उसे फेंकना पड़ता हैं। इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है जो जांच का विषय हैं।
