अरविंदर सिंह,हमीरपुर: सुजानपुर हमीरपुर मुख्य मार्ग पंचायत दाडला की पुंग खड्ड में समाए व्यक्ति का शव पुलिस को नादौन के समीप ब्यास नदी में प्राप्त हुआ है । एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने बताया कि सुजानपुर थाना में 18 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज हुई थी कि 43 वर्षीय विनय कुमार राणा निवासी पालमपुर सुजानपुर में ब्यास नदी को पार करते हुए डूब गया था जिसके बाद व्यक्ति को खोजने के लिए प्रशासन पुलिस एवं अन्य बचाव दल युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे है। इसके लिए होमगार्ड के जवान, लोकल गोताखोर के साथ- साथ विशेषज्ञ गोताखोर भाखड़ा ब्यास से भी सहायता बुलाए गए थे।
उन्होंने बताया कि आज नादौन के समीप ब्यास नदी में उक्त व्यक्ति का शव बरामद हुआ है जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। गौरतलब है कि 18 सितंबर को सुजानपुर पुलिस को दूरभाष से सूचित किया गया था कि ब्यास नदी में एक व्यक्ति बह गया है जो कि दोपहिया वाहन बाइक पर सवार होकर यहां पहुंचा था।
उस बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है जो हेलमेट पुलिस को मिला है उसकी पहचान भी परिजनों ने की है और बाइक एवं हेलमेट एक ही व्यक्ति के है। इसको लेकर भी जांच पड़ताल पूरी हुई है। ऐसे में जो भी साक्ष्य पुलिस को मिले हैं उसके आधार पर यह व्यक्ति जिला कांगड़ा पालमपुर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉक्टर आकृति शर्मा ने बताया कि सुजानपुर ब्यास नदी में बहे युवक का शव नादौन के समीप मिला है जिसका पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
