विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में वर्ष 2022 के पहले 8 महीनों में मां चिंतपूर्णी को 20 करोड़ का चढ़ावा श्रद्धालुओं ने चढ़ाया है। चिंतपूर्णी मंदिर न्यास को 20 करोड़ से अधिक का यह चढ़ावा प्राप्त हुआ है। उम्मीद लगाई जा रही है कि साल के अंत यानी दिसंबर तक चढ़ावे का यह आंकड़ा 30 करोड़ तक पहुंचेगा। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्वविख्यात शक्ति पीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में लाखों की तादाद में श्रद्धालु हर वर्ष माता के दरबार में माथा टेकते है। मां के दर्शन करने के साथ ही श्रद्धालु रुपए, सोना, चांदी और बहुमूल्य वस्तुएं माता को दान में देते है, हालांकि 2020 में कोविड-19 के काल के दौरान मंदिरों के कपाट बंद रहने के कारण मंदिर न्यास के चढ़ावे में काफी कमी देखी गई थी,लेकिन इस बार 2022 में पहले 8 महीनों में ही चढ़ावे की गिनती ने 20 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है
मंदिर न्यास से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी से लेकर अगस्त तक मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में 209374319 का नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ है, हालांकि 2022 के अभी 4 महीने बाकी है जिसमें यह संख्या 30 करोड़ तक छूने की उम्मीद है। मंदिर न्यास की ओर से इस चढ़ावे को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास कार्यों पर भी खर्च किया जाता है। वहीं वित्त अधिकारी शमी राज ने बताया कि जनवरी से लेकर अगस्त माह तक मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में कुल 209374319 रुपए का नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। इसके अलावा लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में हाज़री भरी है।
