नाहन/देवेन्द्र कुमार: दिव्यांगों बच्ची से एचआरटीसी की बस में किराया लेने का मामला तूल पकड़ रहा है। शिकायत के बावजूद मामले में कार्रवाई ना होने से दिव्यांगता समीक्षा समिति ने सवाल उठाए हैं। दरअसल एचआरटीसी नाहन डिपो की बस में त्रिलोकपुर से नाहन आ रही आस्था स्कूल में पढ़ने वाली दिव्यांग बच्ची व उसके परिजनों से एचआरटीसी में कार्यरत कर्मचारी पर दुर्व्यवहार और बच्ची का पूरा किराया वसूलने के आरोप लगे थे।
75% दिव्यांग बच्ची से लिया गया पूरा किराया
इस मामले को लेकर डीसी सिरमौर और एचआरटीसी के आरएम को शिकायत भी सौंपी थी। जिसमें कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, मगर अभी तक मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई है। जिला पैरा स्पोर्ट्स और जिला दिव्यांगता समीक्षा समिति के सदस्य सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बस में एचआरटीसी में कार्यरत कर्मचारी ने इस 75% दिव्यांग बच्ची से न केवल किराया वसूला, बल्कि उसके परिजनों के साथ बदसलूकी भी की। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर डीसी सिरमौर राम कमार गौतम और एचआरटीसी के आरएम संजीव बिष्ट को कर्मचारी के खिलाफ शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अभी तक कर्मचारी के खिलाफ कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने मांग की है कि एचआरटीसी कर्मचारी के खिलाफ जल्द कोई कार्रवाई अमल में लाई जाए।
