Hamirpur, Arvind-पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को हर स्तर पर प्राथमिकता दी गई है। आपदा के समय केंद्र सरकार ने प्रदेश की सहायता के लिए तत्परता दिखाई है।
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने रविवार को प्रो. धूमल से उनके हमीरपुर स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रो. धूमल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदाओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए राहत और पुनर्वास के लिए समयबद्ध कदम उठाए हैं।उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष 2023 की आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए 2006.40 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी थी। केंद्र ने 451.44 करोड़ रुपये की पहली किस्त और 198.80 करोड़ रुपये की राहत राशि राज्य आपदा मोचन निधि के तहत पहले ही जारी कर दी है।
प्रो. धूमल ने बताया कि केंद्र ने बिना राज्य के ज्ञापन की प्रतीक्षा किए ही अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) को भेजा, जिसने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही NDRF की 13 टीमें, सेना और वायुसेना की सहायता भी राज्य को दी गई।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं 9 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की घोषणा की और राहत कार्यों को तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए।पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी सुना और कहा कि प्रधानमंत्री की सोच देश के हर राज्य और हर नागरिक के कल्याण को समर्पित है।
