संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश की आर्थिक तंगहाली के बीच प्रदेश के वित्तीय मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्रीय वित्त मंत्री से बात करेंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात करेंगे और प्रदेश के मुद्दों को लेकर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिह ने कहा की उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र ने हिमाचल की लोन की लिमिट 14500 हज़ार करोड़ से साढे पांच हजार करोड़ घटा दी हैं। इसके साथ ही पेंशन ग्रांट को भी रोक दिया हैं, जिसको लेकर वित्त मंत्री से शाम को उनकी बैठक हैं। बैठक में इसको लेकर मांग उठाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में जोगिंदर नगर स्थित शानन विद्युत परियोजना की पंजाब के साथ लीज खत्म हो रही हैं। पंजाब के साथ शानन विद्युत परियोजना की लीज खत्म होने को लेकर हिमाचल सरकार शानन विद्युत प्रोजेक्ट को अपने हाथ में लेने की तैयारियों में जुट गई हैं। मुख्य्मंत्री ने कहा है कि शानन विद्युत परियोजना में हिमाचल का हक हैं, इसलिए यह परियोजना 2024 में लीज खत्म होने के बाद हिमाचल को मिलनी चाहिए। इसको लेकर उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से भी बात की हैं।
एनपीए पर डॉक्टरों विरोध तर्कसंगत नहीं
एनपीए बंद करने के बाद डॉक्टरों के प्रदेश भर में किए जा रहे विरोध को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मौजूदा डॉक्टरों का एनपीए खत्म नहीं किया है जो इसका विरोध कर रहे हैं , बल्कि यह एनपीए जो आगे से नए डॉक्टर नियुक्त होंगे उनके लिए खत्म किया गया हैं। ऐसे में एनपीए को लेकर डॉक्टरों का विरोध सही नहीं हैं। अगर डॉक्टर उनके पास आते हैं तो इस फैसले को लेकर सरकार पुनर्विचार करेगी।
