नालागढ़/जगत सिंह: नालागढ़ के पंजेहरा से लेकर बघेरी तक सड़क की हालत सालों से खस्ता बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे भी बढ़ते जा रहे हैं और यह मार्ग क्षेत्र की 15 पंचायतों को जोड़ता है। सड़क की खस्ता हालत को लेकर ग्रामीणों ने एकत्रित होकर बरुणा के चौक पर प्रदर्शन किया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
ग्रामीणों ने सरकार से 15 दिन के भीतर भीतर सड़क की दशा सुधारने की जहां मांग उठाई है, वही चेतावनी देकर कहा है कि अगर 15 दिन के भीतर भीतर सरकार सड़क का टेंडर नहीं लगाती है तो वह एक बड़ा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगें , जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी। इस बारे में जब ग्रामीणों से बातचीत की तो उनका कहना है कि सालों से यह सड़क टूटी हुई है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं । इस कारण आए दिन सड़क हादसे भी बढ़ते जा रहे हैं और सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर 15 दिन के भीतर सड़क का टेंडर नहीं लगाया गया तो वह एक बड़ा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बता दें कि पंजेहरा- बघेरी मार्ग पर पूर्व विधायक कृष्ण लाल ठाकुर का भी घर पड़ता है और वह सत्ताधारी पार्टी के नेता भी हैं । यहां सबसे बड़ा सवाल पूर्व विधायक पर भी उठ रहा है कि एक पूर्व विधायक होकर और पार्टी का नेता होकर अपने ही घर को रास्ता नहीं बना पाए तो बाकी विधानसभा क्षेत्र तो फिर राम भरोसे ही है।
