नाहन : देवेंद्र कुमार – जिला मुख्यालय नाहन के माल रोड पर स्थित पार्क हा+दसों को न्योता दे रहा है । शिकायत के बावजूद नगर परिषद मामले पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नगर परिषद को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
इस पार्क के निर्माण पर नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए की राशि खर्च की गई है । साथ ही यहां पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा भी स्थापित की गई है और इस प्रतिमा निर्माण पर भी भारी बजट खर्च किया गया है, मगर इन दिनों यह पार्क खस्ता हालत में है । पार्क की सुरक्षा दीवार जर्जर हो चुकी है और पार्क का अधिकतर हिस्सा धँस चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बारे में नगर परिषद को कई बार सूचित किया जा चुका है, बावजूद इसके नगर परिषद कोई सुध नहीं ले रही है। लोगों ने बताया कि यहां से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर हमेशा वाहनों की आवाजाही रहती है और पैदल चलने वाले लोगों का भी आना-जाना रहता है । ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हा+दसा घटित हो सकता है।
