राहुल चावला, धर्मशाला: शाहपुर से कांग्रेस को जीत दिलवाने वाले विधायक केवल सिंह पठानिया राजधानी शिमला के वापिस अपने घर ओर अपने विधानसभा क्षेत्र में वापसी कर चुके हैं। यहां वापिस आने के बाद वह गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय रैत में पहुंचे। यहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने विधायक का ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
इस दौरान कई विभागों के अधिकारी भी अपनी हाजरी लगाते हुए नज़र आए हालांकि अभी तक कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के विधायकों ने शपथ भी ग्रहण नहीं की है, बावजूद इसके जिस तरह से केवल सिंह पठानिया का एक्शन मोड जनता के कामकाज को लेकर नजर आ रहा है, उसकी जनता में अभी से सराहना भी होनी शुरू हो गई हैं।
केवल पठानिया ने अभी से अधिकारियों की बैठकें लेना भी शुरू कर दिया हैं। इतना ही नहीं उन्होंने खास तौर पर पीडब्लूडी विभाग के एक्सशियन को दिशा निर्देश जारी भी कर दिए हैं कि शाहपुर की धारकंडी में हर लिहाज से सड़कें बननी चाहिए जिसके लिए डीपीआर जल्द ही तैयार कर दी जाएं।
वहीं केवल पठानिया ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने पर कांग्रेस हाईकमान का अभार व्यक्त किया है और कहा कि एक ड्राइवर के बेटे को स्टेट ड्राइव करने को मिली है जिसका प्रमाण है कि कांग्रेस हमेशा गरीब तबके को उठाने में विश्वास रखती हैं। वहीं उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शाहपुर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है।
