भावना, शिमला: प्रदेश में मौसम बदलने से और बर्फबारी के दस्तक देने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इस बार बर्फबारी ने शिमला के नारकंडा में नवंबर माह में ही दस्तक दे दी है। बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों से पर्यटक अब पहाड़ों का रुख करने लगे हैं। ऐसे में पर्यटकों की आमद को बढ़ता दे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर भी एक रौनक आ गई है। उन्हें इस विंटर सीजन अपना कारोबार बेहतर होने की उम्मीद जाग गई है।
शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों बर्फबारी होने से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सैलानी काफी संख्या में एडवांस बुकिंग कर चुके है। आगामी दिनों में प्रदेश में सैलानीयों की संख्या में ओर बढ़ोतरी होने वाली है। पहली बर्फबारी से जहां होटलों के कमरों की बुकिंग में तेजी आई है, वहीं साइट सीन के लिए टैक्सियों की बुकिंग से टैक्सी कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ ली है। घुड़सवारी और फोटोग्राफी से अपनी रोजी रोटी चलाने वाले कारोबारियों के चेहरे भी बर्फबारी से खिल गए है।
पूरे साल में विंटर सीजन से अगले 6 महीने का गुज़र बसर करने वाले इन छोटे व्यवसायियों को इस विंटर सीजन बेहतर कारोबार की उम्मीद है। इस वर्ष नवंबर महीने में ही बर्फबारी हो रही है जिससे उनके कारोबार में भी बढ़ोतरी होने वाली है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है पूरे साल विंटर सीजन का इंतज़ार रहता है इससे ना केवल होटल कारोबारी बल्कि छोटे-छोटे कारोबारी घुड़सवारी व फोटोग्राफर्स के काम में भी इजाफा होता है।
