भावना, शिमला: शिमला में बर्फबारी के दस्तक देने के साथ ही पर्यटकों की आमद भी यहां एका एका बढ़ गई है। पर्यटकों की आमद बढ़ना राजधानी के पर्यटन कारोबार के लिए एक बेहतर खबर है तो वहीं पर्यटकों के साथ ही शहर में ट्रैफिक की समस्या भी बढ़ गई है। ऐसे में पर्यटकों के साथ-साथ राजधानी शिमला के आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर लंबा-लंबा जाम और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं,जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रोजाना वाहन घंटों तक लाइन में लगे रहते हैं। जो सफर 20 मिनट में तय होता है उसके लिए अब 2 घंटे लगना आम बात हो गई है। राजधानी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल कारोबार को तो फ़ायदा हुआ है लेकिन सड़कों पर ज्यादा वाहन होने से जाम की स्थिति से लोगों को गुजरना पड़ रहा है। ट्रैफिक जाम के कारण लोग अपने जरूरी काम को भी समय से नहीं कर पा रहें। शिमला का दीदार करने आए सैलानी भी इस परेशानी से बच नहीं पा रहें। जो सैलानी तीन दिन का पैकेज लेकर शिमला आएं हैं उन्हें एक दिन तो जाम से निकलने में ही लग रहा है।
शिमला में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। स्कूल जाने वाले बच्चे और कर्मचारी इस वजह से बहुत परेशान है। लोगों का कहना है कि हर रोज जाम होने के चलते उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। सड़कों पर जाम खुलवाने के लिए कोई पुलिस कर्मी भी नज़र नहीं आ रहे है।
