सचिन शर्मा, मनाली(TSN): कुल्लू जिला सहित मनाली में बुधवार को भैया दूज का त्यौहार धूमधाम के साथ मनाया गया। भैया दूज के पर्व पर बहने अपने भाई से मिलने के लिए उनके घर पहुंची। वहीं इस अवसर पर भैया दूज के पर्व पर बहनों ने अपने भाई के मस्तक पर कुमकुम का तिलक लगाकर उसकी लंबी आयु के लिए भगवान से कामना की।
इस दौरान भाई और बहनों में एक दूसरे को गिफ्ट देने का भी खूब दौर चला। भैया दूज के पर्व पर ज्यादातर भाई-बहनों ने एक दूसरे को सूट, कमीज, पैंट, स्वैटर और जैकेट आदि भेंट किए। इसके अलावा भैया दूज पर भाई-बहनों ने एक दूसरे को मोबाइल समेत अन्य दूसरे गिफ्ट भी दिए। भैया दूज पर अपने भाई के घर पहुंची बहन राधिका शर्मा, शेफाली शर्मा ने बताया कि वे भैया दूज पर अपने भाई को तिलक लगाने के लिए आई हैं। इस दौरान उन्होंने अपने भाइयों को उपहार भी दिए। वही, उनके भाइयों ने भी उन्हें बड़े सुंदर उपहार भेंट किए।
उन्होंने भैया दूज के अवसर पर भाई को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन की तरह ही यह पर्व भी उनके लिए खास होता हैं। वहीं भैयादूज के अवसर पर सरकारी कार्यालयों में महिलाओं का अवकाश रहा और महिलाओं ने एचआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठाया। कुल्लू के बाजार में भी भैया दूज को लेकर खूब चहल पहल दिखी। वही, ढालपुर की अस्थायी मार्केट में महिलाओं ने खूब खरीदारी की।
