अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश में चुनावी माहौल भले ही गर्माया हुआ है लेकिन मौसम ने पूरी तरह से करवट ले ली है। प्रदेश में पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है जिसके चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने भी दस्तक दे दी है। बता दें कि किन्नौर जिला में बुधवार सुबह से ही मौसम खराब था जिसके बाद हल्की हल्की बारिश शुरू हुई और तापमान में गिरावट होते ही हिंदुस्तान के आखिरी गांव छितकुल में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
लगातार हो रही बर्फ़बारी से छितकुल गांव बर्फ की सफ़ेद चादर मे ढक चूका है और ग्रामीणों ने गर्म वस्त्र भी पहनने शुरू कर दिए है। किन्नौर जिला में लगभग सभी क्षेत्रों मे सेब का सीजन अंतिम कगार पर है और ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों को छोड़कर बाकी सभी जगह सेब का सीजन समाप्त हो चुका है ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे बर्फबारी के चलते कुछ सेब बागवानों को सेब के सीजन को पूरा करने में समस्याएं भी आ सकती है लेकिन जिला के छितकुल में इस सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटकों का अब यहां आना और सर्दियों का आनंद लेने का समय भी शुरू हो गया है।
जिला के छितकुल गांव के अलावा जिला के अन्य ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों मे भी बर्फ के सफ़ेद फाहे गिरना शुरू होने लगे है क्योंकि निचले क्षेत्रों मे हल्की बारिश के चलते अधिक ठंड हुई ऐसे में निचले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार बढ़ गए है।
