राहुल चावला , धर्मशाला: कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद, धर्मशाला व आसपास क विधायकों ने सीयू के धर्मशाला में निर्माण के मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आश्वासन जदरांगल के लोगों को दिया हैं। जदरांगल के लोगों का कहना है कि शिलान्यास के 3 साल बाद जदरांगल में यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन एक माह पहले वहां से भी मशीनरी को उठा लिया गया हैं, ऐसे में जल्द पुन: कार्य शुरू नहीं किया गया तो जनता सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेगी।
प्रेसवार्ता में जदरांगल के ग्रामीणों उमेश शर्मा, संसार मित्र, राकेश कुमार, सुनील दत्त, सुरिंद्र कुमार व सुभाष चंद ने संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा कि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, कांगड़ा के पवन काजल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि इस मसले को विधानसभा में उठाएंगे। वहीं सांसद किशन कपूर ने भी धर्मशाला में सीयू निर्माण का समर्थन किया हैं उनका कहना था कि सीयू के धर्मशाला में निर्माण को लेकर राजनीति की जा रही है। केंद्र सरकार स्पष्ट करे कि धर्मशाला में निर्माण कब शुरू होगा। समय रहते कार्य शुरू नहीं किया गया तो जनता सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेगी।
संसारमित्र ने कहा कि सीयू निर्माण को लटकाना व भटकाना बंद किया जाए, जनता का हक जदरांगल में सीयू निर्माण है, जो जदरांगल की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी मांग यही है कि सीयू धर्मशाला के लिए स्वीकृत हुई है ओर इसका निर्माण यहीं किया जाए। उधर सुरिंद्र कुमार ने कहा कि पिछले लंबे समय से सीयू को कभी धर्मशाला तो कभी देहरा के बीच घुमाया जा रहा हैं। अब जनता अपने हकों के प्रति जागरूक हो गई है, जल्द जनता को उसका हक दिया जाए।
