विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी थाना के अधीन आने वाली पंचायतों में चोरी चकारी के मामलों को कम करने और नशे के खात्मे के लिए पुलिस अब आम जनता का सहयोग लेगी। इसके लिए शनिवार को पंचायतों के प्रतिनिधियों से एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने चिंतपूर्णी के बाबा श्री माई दास सदन में बैठक की। इस बैठक के दौरान हाल ही में चिंतपूर्णी क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से सबक लेने और नशे के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए एक दूसरे का सहयोग करने की अपील की गई।
संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पुलिस को दें कानून अपने हाथ में ना लें
एसडीपीओ ने पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी पंचायत के क्षेत्र में घूमने वाले संदिग्ध और अनजान व्यक्तियों के बारे में दिशा निर्देश देते हुए कहा की पंचायत क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति संदिग्ध पाया जाता है तो तत्काल उसकी सूचना पुलिस को दें और इस दौरान कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में ना लें। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में रहने वाले प्रवासियों की हरकतों पर भी नजर रखी जाए। अगर कोई व्यक्ति संदिग्ध लगता है तो उसकी सूचना भी पुलिस को दें।
नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें गुप्त रखी जाएगी पहचान
इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में नशा बेचने वाले व्यक्तियों की सूचना भी पुलिस को देने की अपील की गई हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। इस मौके पर उनके साथ एसएचओ चिंतपूर्णी रोहिणी ठाकुर,हेड कांस्टेबल फिरोज अख्तर,एएसआई विचित्र, छपरा पंचायत प्रधान शशि कालिया अप्पर लोहारा पंचायत संगीता बाला घघंरेट प्रधान विरेंद्र कुमार डुहल भंटवाला प्रधान राजेश कुमार उप प्रधान आशीष शर्मा आदि उपस्थित रहे।
