मंजूर पठान,चंबा: प्रदेश में हो रही भारी बारिश के चलते हालात अभी भी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है और जगह-जगह भूस्खलन हो रहा हैं। इसी वजह से सड़कों पर सफर करना भी ख़तरे से ख़ाली नहीं हैं। यही हालात जिला चंबा की सड़कों के भी बने हुए हैं। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते चंबा तिस्सा मुख्य मार्ग पर चार से पांच पॉइंट ऐसे हैं जो अब काफी खतरनाक साबित हो रहे हैं। इसी को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग ने लोगों से भी आह्वान किया है कि इस मार्ग पर शाम के समय सफर ना करें क्योंकि जगह-जगह पत्थर गिरने से दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
बता दें कि मानसून के सीजन में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई स्थान ऐसे हैं जहां पर लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ जाता हैं। ऐसे में वहां से गुजरना भी मुश्किल भरा साबित हो सकता हैं। यही वजह हैं कि विभाग लोगों को शाम के समय सफर करने में एहतियात बरतने की सलाह दे रहा हैं, ताकि किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। हालांकि चंबा- तिसा मुख्य मार्ग पर, इंड नाला, कलहेल, चांजूं नाला, सपड़ाह ,पंगोला नाला जैसे पॉइंट लगातार खराब बने हुए हैं जिसके चलते शाम के समय यहां पत्थर गिरते रहते हैं। ऐसे में हो सके तो दिन के समय ही इन रास्तों पर सफर करें।
वहीं तीसा मंडल के अधिशाषी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बतायाकी लगातार हो रही बारिशों से चंबा तीसा मुख्य मार्ग के चार से पांच पॉइंट काफी खराब हो गए है जिसके चलते परेशानी बढ़ रही हैं। शाम के समय यहां से सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है ऐसे में लोग शाम के समय सफर करने से परहेज करें। वहीं उन्होंने इस सड़क मार्ग पर सावधानी और सतर्कता से सफर करने की सलाह यात्रियों को दी है जिससे कि यात्री किसी तरह की दुर्घ+टना का शिकार ना हो और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
