मंडी/परी शर्मा– नव वर्ष 2023 में चंडीगढ़ मनाली का सफर सुहाना होने के साथ-साथ दूरी भी कम होगी। किरतपुर नेरचौक फोर लाइन का कार्य 85 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है। मई 2023 से किरतपुर-नेरचौक पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाने की उम्मीद है और शेष कार्यों को पूरा किया जाएगा।
फोरलेन के बचे हुए कार्यों को जल्द किया जाएगा पूरा
फोरलेन निर्माण कार्य कर रही गाबर कंपनी के अधिकारियों का दावा है कि अगले तीन महीनों में नेरचौक तक इस परियोजना को पूरा कर फोरलेन सरकार को सौंप दिया जाएगा। परियोजना के दूसरे फेज में पांच टनलों का निर्माण किया गया है। टनल नंबर एक कैंची मोड़ पर है। इसकी लंबाई 1800 मीटर है। टनल नंबर दो मेहला-नरली में है, इसकी लंबाई 465 मीटर है। टनल नंबर तीन तुन्नु में है, इसकी लंबाई 550 मीटर है। 1,265 मीटर लंबी टनल नंबर नंबर चार टीहरा में है। टनल नंबर पांच भवाणा सुंदरनगर की लंबाई 740 मीटर है। कुल 47 किलोमीटर के इस फोरलेन में छोटी-बड़ी 5 टनल और 22 मुख्य व 16 छोटे पुलों का निर्माण हो रहा है। इस फोरलेन में 38 छोटे-बड़े पुलों का निर्माण होना है। इनमें से अब तक 22 मुख्य पुलों में से लगभग 16 तैयार हो चुके हैं। 6 बड़े पुल निर्माणाधीन हैं। 16 छोटे पुलों में से 14 पुल तैयार हो चुके हैं और बाकी दो पुल निर्माणाधीन हैं। परियोजना के आठ छोटे-बड़े पुलों का निर्माण प्रगति पर है। मई 2023 तक फोरलेन के दूसरे फेज को यातायात के लिए तैयार कर दिया जाएगा।
