बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- नेशनल हाईवे चंडीगढ़ मनाली पर पुलिस ने बिलासपुर कॉलेज चौक के पास एक गाड़ी से 610 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने यहां सब इंस्पेक्टर सुशांत की अगुवाई में नाकाबंदी की थी, तभी कुल्लू की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को शक के आधार पर चैकिंग के लिए रोका गया। जिसमें चार लोग सवार थे। पुलिस द्वारा गाड़ी रोकने पर गाड़ी चालक घबरा गया और जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें 610 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस नशे के खिलाफ चला रही अभियान
पुलिस ने नशे की सामग्री को कब्जे में लेकर गाड़ी में सवार चारों लोगों को भी हिरासत में ले लिया है। इस बारे पुष्टि करते हुए डीएसपी हेड क्वार्टर राजकुमार ने बताया कि जिला में पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। जिसके तहत जगह जगह नाकाबंदी की जाती है। इसी कड़ी में शनिवार सुबह तड़के पुलिस ने कॉलेज चौक पर नाका लगाया हुआ था। जिसमें शक के आधार पर गाडियों की चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान कुल्लू की ओर से आई एक ऑल्टो कार को रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी में एक लिफाफा मिला। जिसमें चरस बरामद हुई। वजन करने पर वह 610 ग्राम पाई गई। चारों व्यक्ति कुल्लू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
