सोलन : योगेश शर्मा- नौणी ओछघाट गिरिपुल सड़क की बदहाली का मामला अब प्रदेश सरकार के पास पहुंच चुका है। इसको लेकर स्थानीय पंचायत नौणी मझगांव के प्रधान मदन हिमाचली ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू,लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मुलाकात की है और अवगत करवाया है कि किस तरह से सड़क की बदहाली के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 7-8 महीनों से खराब है सड़क
पंचायत प्रधान मदन हिमाचली ने बताया कि यह सड़क सोलन से सिरमौर और शिमला के ऊपरी क्षेत्र चौपाल को जोड़ती है ,लेकिन बदहाली के कारण इन दिनों वाहन चालको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क में पड़े गड्ढों के कारण लगातार हादसों का डर भी बना हुआ है। बता दें कि सोलन से ओछघाट नौणी गिरिपुल सड़क की हालत पिछले करीब 7-8 महीनों से खराब है । सड़क में पड़े गड्ढों के कारण हादसों का डर बना हुआ है,लगातार इसको लेकर पंचायत बैठक,पंचायत विकास समिति बैठक और जिला परिषद की बैठक में यह मुद्दा उठ चुका है,लेकिन इस समस्या की तरफ ध्यान नही दिया जा रहा है। कारण यह भी है कि यह सड़क सोलन और सिरमौर दोनों जिले के लोकनिर्माण विभाग के अधीन है और जिस ठेकेदार को यह कार्य दिया गया है वो कार्य नही कर रहा है।
बहरहाल हिमाचल में प्रदेश की सुक्खू सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात कह रही है,लेकिन जो हिमाचल की भाग्य रेखाएं है वही आजकल खराब है। अब देखना होगा कि आखिर कबतक इस सड़क की तरफ सरकार ध्यान देती है और कबतक इस सड़क की हालत सुधर पाती है।
