अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ में चल रहे चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की पहली शाम पहाड़ी कलाकारों के नाम रही। पहाड़ी कलाकारों ने कार्यक्रम की पहली सांस्कृतिक संध्या में खूब रंग जमाया और अपने गीतों पर लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। पहाड़ी कलाकारों में कुल्लू से रमेश ठाकुर, रामपुर से तांत्रा बॉयज और ठियोग से कुलदीप शर्मा शामिल रहे। सांस्कृतिक संध्या में किन्नौर के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी।
पहली सांस्कृतिक संध्या में उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव समिति आबिद हुसैन सादिक बतौर मुख्यतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने तंबोला के विजेताओं को उनके इनाम दिए, जिसमें अर्ली 5 में दीपक नेगी, किशोरी लाल और अजय नेगी को हीट पीलर ईनाम में दिया गया। इसी प्रकार टाॅप लाईन में हेमंत कुमार, मिडल लाईन में रमेश भलूनी व बाॅटम लाईन में राम सेन को ज्यूसर-मिक्सर ग्राइंडर दिया गया। तंबोला के फुल हाउस विजेता विशेश को 32 इंच का एल.ई.डी टी.वी ईनाम में दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुंबई से हास्य कलाकार रविंद्र जॉनी ने लोगों को खूब हंसाया और उनका मनोरंजन किया। इस अवसर पर संयुक्त सचिव वन विभाग प्रवीण टाक, सहायक आयुक्त एवं सदस्य सचिव राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव समिति राजेंद्र कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
