राकेश, ऊना: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कि भारत जोड़ो यात्रा से बहन प्रियंका गांधी ही नहीं जुड़ पाई है। वहीं राहुल की भारत जोड़ो यात्रा भारत छोड़ो यात्रा बन चुकी है। देश विरोधी ताकतों और टुकड़े टुकड़े गैंग की ओर से इस यात्रा को समर्थन दिया जा रहा है। यह बड़ा आरोप कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से लगाया गया है।
सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की हरौली विधानसभा में की गई एक नुक्कड़ सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रामकुमार के लिए वोट मांगें। जनता के लिए किए गए अपने संबोधन में अनुराग ठाकुर ने एक तरफ जहां नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया वहीं अनुराग ने कांग्रेस पर भी जमकर शब्द बाण छोड़े।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में भी कांग्रेस छोड़ो अभियान जारी रहने की बात कहते हुए व्यंग बाण छोड़े। उन्होंने देखते ही देखते कांग्रेस के गायब होने की भी बात कही । उन्होंने कांग्रेस की ओर से कर्ज माफी के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताया।
