Solan, 26 June-सोलन ज़िले के धर्मपुर में स्थित सीएचसी केंद्र में वीरवार को ACT Humane Foundation और Fupro कंपनी के सहयोग से एक नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, अर्की, सोलन, कुनिहार समेत हरियाणा, मथुरा और राजस्थान से आए लाभार्थियों ने भाग लिया। शिविर में कुल 13 लोगों को उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग नि:शुल्क प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए आईएएस अजय यादव, एमडी एससी/एसटी कॉर्पोरेशन ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।शिविर में ACT Humane Foundation की संस्थापक हरलीन कौर और Fupro के संस्थापक निमिष मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। हरलीन कौर ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कैम्प आयोजित किए जाएंगे ताकि जरूरतमंद लोगों को मदद मिल सके। उन्होंने यह भी साझा किया कि सोलन शहर के चिल्ड्रन पार्क को डिसेबल-फ्रेंडली बनाने, स्कूलों में नए कमरे बनाने और वृक्षारोपण जैसे कार्य भी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे हैं।
वहीं फुप्रो के संस्थापक निमिष मिश्रा ने बताया कि उनके द्वारा बनाए जा रहे कृत्रिम अंग देशभर में लोकप्रिय हो रहे हैं, जो किफायती और टिकाऊ दोनों हैं।ACT Humane Foundation के हिमाचल समन्वयक योगेश शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सोलन ज़िले की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दिव्यांगों के लिए अनुकूल वॉशरूम और रैम्प निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। इसके अलावा ज़िले के कुछ स्कूलों में जर्जर कक्षाओं का पुनर्निर्माण और चिल्ड्रन पार्क के सौंदर्यकरण पर भी फाउंडेशन कार्यरत है।
