Dharamshala, Rahul –हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच बुधवार को भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं ने तबाही मचा दी। हालांकि गुरुवार सुबह मौसम साफ होने से राहत जरूर मिली, लेकिन लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
गुरुवार सुबह 6 बजे से NDRF, SDRF और पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दो और शव बरामद हुए हैं। इससे पहले बुधवार को दो शव मिले थे। इस प्रकार अब तक कुल चार शव बरामद हो चुके हैं। राहत और बचाव कार्यों में बारिश कई बार बाधा बनी, लेकिन टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
जंगल की ओर भागकर बचाई जान, SDRF ने किया रेस्क्यू
चंबा जिले के रहने वाले लवली नामक युवक ने बताया कि वह और उसके चार साथी कैंप एम में मौजूद थे, तभी अचानक पानी का तेज बहाव आया। जान बचाने के लिए सभी जंगल की ओर भागे। जंगल में खाना न मिलने के कारण वह रात वहीं ठहर गया। सुबह SDRF की टीम ने उसे ढूंढ निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
NDRF कमांडेंट ने दी जानकारी
NDRF के कमांडेंट बलजिंदर सिंह ने बताया कि यह एक संयुक्त सर्च अभियान है, जिसमें NDRF, SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक तीन शव बरामद हुए थे, लेकिन गुरुवार को एक और शव मिलने से संख्या चार हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन के अनुसार छह लोग अब भी लापता हैं और मौसम की खराबी रेस्क्यू में मुश्किलें पैदा कर रही है।
ADM कांगड़ा की अपील
ADM कांगड़ा शिल्पी बेकटा ने बताया कि बुधवार दोपहर मनुनी खड्ड में एक शव मिला था, इसके बाद पावर प्रोजेक्ट से 15-20 लोगों के लापता होने की सूचना आई थी। SHO को तत्काल मौके पर तैनात किया गया। उन्होंने पुष्टि की कि अब तक कुल चार शव बरामद किए जा चुके हैं और जंगल की ओर भागे एक युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें और प्रशासन द्वारा दी जा रही जानकारी को ही सही मानें।
