संजीव महाजन,नूरपुर(TSN): हर घर को नल से जल और खेत तक पानी पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इस उद्देश्य के मद्देनजर ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के ढ़सोली गांव में 76 लाख रुपए की लागत से तैयार नलकूप का उद्घाटन गुरुवार को उप क़ृषि मंत्री चन्द्र कुमार चौधरी ने किया।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस नलकूप के लगने से क्षेत्र में जलवृद्धि होने के साथ लगभग 62 किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। जिससे करीब 9.50 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई ओर पेयजल सुविधा को सुचारू बनाए रखने के लिए 15 नलकूपों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से 5 नलकूप बना दिए गए हैं ओर शेष नलकूप का कार्य प्रगति पर हैं।
इसके अलावा 530 लाख रुपए से 9 और नलकूप लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है जिनका कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। जबकि 15 और नलकूप लगाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाई जा रही हैं। विधानसभा क्षेत्र में नलकूपों का जाल बिछाया जा रहा है जिससे यहां की जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था के सुदृढ़ होने से किसानों को खेती का ढांचा बदलने में मदद मिलेगी जिससे उनकी आमदनी में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों की आय को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है ताकि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा की प्रदेश में आई आपदा से करोड़ों रुपए का नुकसान होने के साथ मानवीय क्षति हुई है जिससे निपटने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। बावजूद इसके विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी, ज़िला परिषद सदस्यों के साथ एनजीओ और पार्टी कार्यकर्ताओं से आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों का सहयोग करने की अपील की।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए हरनोटा से झींझपुर-सिद्धपुरघाड़ संपर्क मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपनी पहली गारंटी के रूप में पुरानी पेंशन योजना का वायदा पूरा कर दिया है जिसका लाभ सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलना शुरू हो गया हैं। इसके अलावा पात्र महिलाओं के लिए प्रतिमाह 1500 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं।
