कुल्लू/मनिंदर अरोड़ा – ढालपुर स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दिन अब सुधरेंगे। साल 1861 में बने स्कूल भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और लंबे समय से इसकी मरम्मत की भी मांग उठाई जा रही थी। ऐसे में अब डेढ़ सौ साल पुराने स्कूल भवन की मरम्मत की जाएगी और इसे ऐतिहासिक धरोहर की तरह संरक्षित भी किया जाएगा। इस दिशा में सीपी एस सुंदर ठाकुर ने जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिया है।
स्कूल में स्थापित किया जाएगा ओपन एयर जिम
सुंदर ठाकुर ने ढालपुर के शहीद बालकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ऐतिहासिक भवन का दौरा किया और स्कूल प्रशासन से आग्रह किया कि वह इस भवन को सुरक्षित करने की दिशा में कार्य करें। सुंदर ठाकुर ने बताया कि ढालपुर का यह स्कूल भवन 1861 में बनाया गया था और इस स्कूल से पढ़कर कई लोग उच्च पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। हालांकि यहां पर पहले शिक्षा विभाग के द्वारा भवन को डिस्मेंटल करने का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन इस भवन की ऐतिहासिकता को देखते हुए अब इसकी मरम्मत की जाएगी। सुंदर ठाकुर ने कहा कि इस बारे एडीएम कुल्लू को भी निर्देश जारी कर दिया गया और एस्टीमेट बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। ताकि ऐतिहासिक इस बिल्डिंग को संरक्षित किया जा सके। वहीं उन्होंने कहा कि ढालपुर स्कूल में ओपन एयर जिम की भी स्थापना की जाएगी ताकि छात्रों के साथ-साथ अन्य लोगों को भी शारीरिक कसरत करने का अवसर मिल सके।
वही स्कूल के प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर का कहना है कि यहां पर विभाग के द्वारा 30 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इस भवन की हालत को देखते हुए यहां पर छात्रों को पढ़ाने में भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में सीपीएस सुंदर ठाकुर ने अब इस भवन का निरीक्षण किया है और प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं कि वे इस भवन की मरम्मत करें। ताकि साल 1861 में बनाया गया यह भवन सुरक्षित रह सके।
