अरविंदर सिंह,हमीरपुर : सुजानपुर के चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव-2023 के लिए लोक कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। 5 से 8 मार्च तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में प्रस्तुतियों के लिए लोक कलाकारों का चयन ऑडिशन आधार पर किया जा रहा हैं। शनिवार को उत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए बचत भवन हमीरपुर में कलाकारों ने ऑडिशन दिया।
होली उत्सव की सांस्कृतिक उपसमिति की ओर से नियुक्त की गई 3 सदस्यीय निर्णायक मंडल के समक्ष हमीरपुर जिला के विभिन्न जगहों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर उपसमिति के अध्यक्ष एवं एडीसी जितेंद्र सांजटा, एसी टू डीसी, डीपीआरओ हमीरपुर भी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने एकल गायन लोकगीत सोलो डांस ग्रुप डांस सहित अन्य प्रस्तुतियां पेश की।
एडीसी जितेंद्र सांजटा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय लोक कलाकारों को अधिक से अधिक समय प्रदान करने के साथ-साथ कार्यक्रमों की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, इसलिए लोक कलाकारों की छंटनी के लिए ऑडिशन लिए जा रहे हैं। जितेंद्र सांजटा ने कहा कि 25 और 26 फरवरी को हमीरपुर जिला के प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति देने का मौका दिया जा रहा हैं, जबकि 27 फरवरी को प्रदेश के अन्य जिलों के लोक कलाकार अपना ऑडिशन दे सकेंगे।
