नूरपुर (संजीव महाजन): हिमाचल में एक बार फिर से बारिश कहर बरपा रही है। बता दें कि शुक्रवार जहां बारिश के चलते धर्मशाला के खनियारा में बाढ़ आई तो वहीं अब नूरपुर की खेल पंचायत में बारिश के चलते देर रात एक प्लेट नुमा मकान गिर गया। गनीमत यह रही कि मकान के अंदर सो रहे लोगों ने जब दीवार गिरने की आवाज सुनी तो वो तुरंत कमरे के बाहर आ गए ओर किसी तरह का जानमाल का नुक़सान यहां होने से बच गया।
पीड़ित आशा देवी ने बताया कि मेरे दो बेटे व मेरी माता जोकि बुजुर्ग है अंदर कमरे में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि मैं नहाने क़े लिए जैसे ही कमरे से बाहर आई तो मैने देखा की घर की पीछे की दीवार टूट रही है। मैंने जल्दी सभी को उठाया और सभी बाहर आ गए। देखते ही देखते मेरा घर गिर गया। आशा देवी ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है की प्रशासन उनकी मदद करे।
खेल पंचायत के उपप्रधान बलवान ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत अपने साथियों सहित मौके पर पहुंचे। आस पास क़े लोगों की मदद से घर के सामान को बाहर निकाला गया। प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार व पटवारी मौके पर पहुंचे हैं और सारी घटना का जायजा लिया गया है। प्रशासन ने आशा देवी को मदद देने क़े आश्वासन भी दिया है। उपप्रधान ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि आशा देवी की तुरंत मदद की जाए!
