राकेश,ऊना: उपमंडल मुख्यालय बंगाणा में 2.5 करोड रुपए की अतिरिक्त राशि खर्च कर सीवरेज कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा। शीघ्र ही इस योजना का लाभ स्थानीय वासियों को मिलना आरंभ हो जाएगा। यह बात ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ठाकुर ने जिला स्तरीय पिपलू मेले के दूसरे दिन उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देव भूमि हिमाचल प्रदेश मेलों व त्योहारों के लिए विश्वविख्यात है ओर यहां के सीधे-साधे लोग देवी-देवताओं के प्रति विशेष आस्था रखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सत्ता संभालते ही हिमाचल प्रदेश में विकास को एक नई गति मिली हैं। सभी क्षेत्रों में एक समान विकास हो रहा हैं। उन्होंने आश्वासन दिया के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए स्थानीय विधायक की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। इससे पूर्व उन्होंने पिपलू स्थित नरसिंह मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की ओर क्षेत्रवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले में आयोजित समारोह में स्थानीय विधायक देवेंद्र भुट्टो ने ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री का स्वागत किया ओर उन्हें मेले के इतिहास व सांस्कृतिक महत्व बारे जानकारी दी। मेले में इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, फोक सिंगर ऋचा शर्मा के अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंधला व पिपलू, आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा ओर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बंगाणा के विद्यार्थियों सहित ऊना हमीरपुर व कांगड़ा जिलों के अनेक उम्दा कलाकारों ने भी उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
