संजु चौधरी, शिमला: अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के तीसरी सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध सूफी गायक सतिंदर सरताज के नाम रही। सतिंदर सरताज ने अपने सूफियाना अंदाज में पंजाबी गीत पेश करके खूब रंग जमाया। सजन राजी हो जावे, लाओ इश्के दी अंबरा उड़रिया, मैं तो सजन एको मिके समेत एक के बाद एक अपने धमाकेदार गाने प्रस्तुत करके पूरे शिमला वासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने मेरे पैर न जमीन ते लगदे., तुम्हें दिल्लगी भूल जाने पड़ेगी.. गीत गाए तो पूरा रिज मैदान तालियों से गूंज उठा। इतना नहीं मेरी हीरिये, मेरी हीरिये तेरी खूशबूं नशीली मर जानीये से तो महोत्सव की शाम ही रंगीन हो गई।
शाम से ही शुरू हो गई थी सरताज से डिमांड
पंजाबी गायक को सुनने के लिए हिमाचल और स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों में भी काफी जोश दिखा। सैलानी इन्हें सुनने के लिए विशेष तौर पर चंडीगढ़, पंजाब, पटियाला से यहां पर आए हुए थे। उनका कहना था कि पहाड़ों की गोद में सरताज को सुनने के लिए काफी समय से तरस रहे थे। पहली बार यह मौका मिला है इसलिए आज सुबह ही शिमला पहुंचे हैं। इस सांस्कृतिक संध्या में लोग सायं चार बजे से सूफी गायक सतिंदर सरताज को सुनने के लिए रिज मैदान में टकटकी लगाकर बैठे रहे। जैसे ही गायक मंच पर पहुंचे तो हजारों दर्शकों ने खड़े होकर अभिवादन किया और दर्शकों को शोर तब तक बंद नहीं हुआ, जब तक उन्होंने गाना शुरू नहीं किया।
अन्य कलाकारों ने भी खूब जमाया रंग
वहीं अन्य कलाकारों में हैरी, इंदु, अरुण जस्टा, राजेश मालिक और इंदरजीत ने भी दर्शको को झूमने पर मजबूर कर दिया। फैशन शो, मंच पर विभिन्न स्कूलों की प्रस्तुतियां, पुलिस रिपोर्टिंग रूप के सामने पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र वादन की प्रस्तुति एवं उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकारों ने जबरदस्त प्रस्तुतियां दी।अंतर्राष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के तीसरे दिन स्थानीय एवं प्रदेश के अन्य जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुति दी। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि कहा कि सभी कलाकारों ने बहुत है अच्छी प्रस्तुति दी है और इनकी प्रस्तुति दिल छू जाने वाली हैं
रात तक घूमते रहे सैलानी
देर रात तक रिज व माल पर टहलते रहे लोग। इसका सबसे ज्यादा लाभ उन सैलानियों को हुआए जो रात के समय शहर में घूमने के बाद खाना खाने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान रेस्तरा, ढाबे ही नहीं बल्कि आम दुकानें भी खुली रही। रिज मैदान पर चल रहे अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल के चलते चर्च के सामने प्रशासन ने रास्ता बंद कर दिया है, जिसके चलते लोगों को टका बैंच होते हुए लक्कड़ बाजार व माल रोड, शेरे ए पंजाब होते हुए स्कैंडल प्वांइट पहुंचना पड़ रहा हैं। वहीं एबुलेंस को भी घूमकर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा हैं।।
अंतिम संध्या में मोनाली ठाकुर दिखाएगी अपनी आवाज का जादू
समर फेस्टिवल की अंतिम संध्या में बॉलीवुड गायक मोनाली ठाकुर अपनी आवाज का जादू रिज मैदान पर दिखाएगी। वहीं दिन भर स्कूली बच्चों के कार्यक्रम व शाम 5 बजे से पहाड़ी गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
