राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं।ऐसे में इन चुनावों के लिए चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों का चुनावी प्रचार प्रसार चरम पर है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मैदान में पसीना बहा रहे हैं और प्रचार प्रसार को लेकर खूब मेहनत कर रहे हैं। वहीं अगर बात प्रदेश की दूसरी राजधानी की हॉट सीट की कि जाए तो यहां पर भी कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य पार्टियों के उम्मीदवार चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं, हालांकि इस सीट पर मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही माना जा रहा है। ऐसे में धर्मशाला सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा यहां से चुनावी दंगल में उतरे हुए हैं और अपनी जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए दिन-रात चुनाव प्रचार में ताकत झोंके हुए है। कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने विशेष बातचीत में बताया कि प्रदेश में भाजपा की ओर से उतारे गए स्टार प्रचारकों से कोई विशेष फर्क चुनाव पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दलों की ओर से स्टार प्रचारक मैदान में उतरे हैं, लेकिन विधानसभा चुनावों में आम कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए कार्यों के आधार पर ही प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से किए जा रहे कार्य के दम पर कांग्रेस प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। सुधीर शर्मा ने पूर्व में कांग्रेस नेता रहे पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया पर निशाना साधते हुए कहा कि मेजर मनकोटिया हर चुनाव में कुछ ना कुछ नया करते हैं और कभी इधर और कभी उधर जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा कई लोगों को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मनकोटिया ने तो मानहानि के मामले में माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि मनकोटिया चुनाव के दिनों में ही सक्रिय होते हैं और अनाप-शनाप बयानबाजी करते हैं और उनका चुनावों में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि मनकोटिया की ओर से लगाए जा रहे आरोपों में कोई भी तथ्य और सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि ना केवल धर्मशाला बल्कि पूरे जिला कांगड़ा में बदलाव का माहौल है और लोग प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्याशियों का जीत का मार्जन भी अधिक रहेगा। आगामी समय में यह चुनाव एक तरफा होता जाएगा और कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में धर्मशाला की अनदेखी हुई है और कई योजनाओं के कार्य आगे नहीं बढ़ पाए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इन कार्यों को गति प्रदान की जाएगी । साथ ही स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
