विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: मन में सच्ची श्रद्धा और लग्न हो तो इंसान के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है होशियारपुर के एक दंपति जो होशियारपुर से लेकर चिंतपूर्णी तक 50 किलोमीटर का सफर पैदल ही तय कर मां चिंतपूर्णी के धाम पहुंचे हैं। शनिवार को चिंतपूर्णी बाजार में होशियारपुर का एक दंपति परिवार सनम शर्मा और पत्नी मिष्टी शर्मा 50 किलोमीटर की यात्रा 9 घंटे में पूरी कर मां के दरबार में पहुंचे।
होशियारपुर के इस दंपति परिवार के चेहरे पर रौनक देखते ही बनती थी। मां के दरबार में पहुंचने की ललक और श्रद्धा भाव से भरपूर यह दंपत्ति माता के जयकारे लगाते हुए मां के दरबार में दोपहर 2:30 बजे के करीब पहुंचा। इनके चेहरे पर पैदल सफर करने की थकान जरा भी नजर नहीं आ रही थी बल्कि अपनी यात्रा को पूरा करने का सुकून इनके चेहरे पर दिख रहा था।
दंपति ने बताया मां चिंतपूर्णी से गोद भरने की मनोकामना मांगी थी जो कि मां के आशीर्वाद से पूरी हो गई है। माता रानी से किए हुए प्रण को पूरा करने के लिए आज उन्होंने यात्रा सुबह 5 बजे के करीब शुरू की थी। यात्रा के दौरान रास्ते में होशियारपुर के आगे जहां चढ़ाई आई वहां थोड़ी थकावट हो गई थी लेकिन थोड़ी देर विश्राम करने के बाद माता का नाम लेकर फिर यात्रा शुरू की तो रास्ते में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आई। मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेक कर सुकून सा मिल रहा है और 9 घंटे की पैदल यात्रा की थकावट भी खत्म हो गई।
