मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश के जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र में पिछले लगभग 40 सालों से सिकरी में सीमेंट प्लांट लगाने की बातें सरकारें करती आई है। इस सीमेंट प्लांट के लगने से यहां के युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद तो जग जाती हैं, लेकिन धरातल पर यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इस बार युवाओं को प्रदेश में आने वाली नई सरकार से इस सीमेंट प्लांट को लगाने की उम्मीद है जिससे कि उन्हें रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर पलायन न करते हुए चंबा जिला में है रोजगार मिल सकेगा।
बता दें की सिकरी धार सीमेंट प्लांट अगर लग जाता है तो यहां की काफी संख्या में बेरोजगारी खत्म होने की संभावना है। चंबा जिला की आबादी 6 लाख के करीब है और यहां पर काफी युवा बेरोजगारी के चलते देश के दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए कंपनियों का रुख करते हैं, जिसके चलते कई बार युवाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। पिछले काफी समय से चंबा के लोग मांग कर रहे हैं कि अगर चुराह विधानसभा क्षेत्र में यह सीमेंट उद्योग लगता है तो उससे आने वाले समय में बेरोजगारी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। युवाओं को घर द्वार रोजगार के अवसर मिलेंगे, हालांकि अब युवाओं का कहना है कि उन्हें नई सरकार से काफी उम्मीद है।
युवा वर्ग चाहता है कि नई सरकार जल्द इस सीमेंट उद्योग को लगाए और चंबा की बेरोजगारी खत्म करने की तरफ कदम उठाया जाए। स्थानीय युवाओं का कहना है कि पिछले काफी समय से चुनावों के दौरान ही सिकरी धार सीमेंट प्लांट लगाने की बात होती रही है। उन्होंने कहा कि हमें नई सरकार से उम्मीद है कि नई सरकार इस सीमेंट उद्योग को लगाने का कार्य करेगी, ताकि चंबा जिला के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्हें प्रदेश के दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
