मंडी/परी शर्मा: पंडोह पंचायत के अंतर्गत सराडा गांव में पूर्ण चंद के चार घास के कोठों को अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। आग देखते ही देखते इतनी तेजी से बढ़ गई कि घास पूरी तरह से जल गया और गौशाला की तरफ आग बढ़ने लगी, मगर ग्रामीणों ने गौशाला में आग लगने से पहले ही उसको रोकने की कोशिश की और मुश्किल से मवेशियों को बाहर निकाला। पूर्ण चंद्र ने बताया कि समय रहते अगर फायर बिग्रेड आ जाती तो घास बच जाता। उन्होंने कहा कि हमने बीबीएमबी पंडोह से फायर ब्रिगेड को बुलाया पर वहां से जवाब आया कि हमारे पास ड्राइवर नहीं है।
पंडोह पंचायत के उपप्रधान पवन कुमार ने मंडी से फोन के माध्यम से फायर स्टेशन को जानकारी दी और मंडी से फिर पंडोह फायर ब्रिगेड पहुंची तब जाकर आग को काबू किया गया। स्थानीय गांव के लोगों ने भी आग को बुझाने में बहुत मदद की। आग को अगर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो साथ लगते घरों तक आग पहुंच सकती थी। पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने भी बीबीएमबी फायर स्टेशन पंडोह को इसकी जानकारी दी मगर उन्होंने ड्राइवर ना होने के कारण मना कर दिया। उपप्रधान पवन कुमार ने कहा कि वह इस बात की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। बीबीएमबी फायर स्टेशन पर एक ड्राइवर तक उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों में भी पड़ोह फायर स्टेशन की इस लापरवाही को लेकर काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि बीबीएमबी इतना बड़ा प्रोजेक्ट पंडोह में है, पर स्थानीय लोगो को कोई भी सहायता इनके द्वारा नहीं दी जाती है।
विभाग को लिखित रूप में भेजा पत्र
इस बारे सन्नी भारती अधिशाषी अभियंता टाउन शिप सुंदरनगर ने बताया कि पंडोह स्थित फायर स्टेशन पर काफी समय कोई भी ड्राइवर उपलब्ध नहीं है। फायर स्टेशन पर ड्राइवर उपलब्ध करवाने के लिए हमने अपने विभाग को लिखित रूप में पत्र भेजा है।
