बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – आश्विन नवरात्रों पर धौलरा मंदिर में आयोजित दुर्गा पूजा उत्सव का धूमधाम से समापन हो गया। मंदिर में स्थापित मूर्तियों की विदाई के लिए विसर्जन यात्रा गोविन्दसागर झील किनारे लुहणू मैदान में समाप्त हुई। मां दुर्गा की इस विसर्जन यात्रा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल हुए।

मां दुर्गा की विदाई यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने धौलरा मंदिर में जमकर होली भी खेली। गोबिंद सागर झील में 18 मोटर बोटों के माध्यम से इन मूर्तियों को श्रद्धालुओं द्वारा झील के बीच जाकर विसर्जित कर दिया गया। शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं ने नाचते गाते मां के जयकारे लगाते व भजन गाते हुए सारे शहर का वातावरण भक्तिमय बना दिया। वहीं, डॉक्टर मल्लिका नड्डा ने कहा कि लोगों के सहयोग से आज दुर्गा उत्सव २१ वर्षों में प्रवेश कर चुका है और लगातार इसको और अधिक आकर्षक बनाने के प्रयास किए जा रहे है।

बता दे कि बिलासपुर का दुर्गापूजा उत्सव भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की धर्मपत्नी डॉक्टर मल्लिका नड्डा के प्रयासों से शुरू किया गया है । उत्सव के सफल आयोजन के लिए कार्य कर रही दुर्गा पूजा समिति के सकारात्मक प्रयासों से यह उत्सव आज आकर्षण का केंद्र बन चुका है। इस उत्सव में हर वर्ष नवीन समावेश किया जा रहा है जिससे उत्सव की गरिमा और भव्यता भी बड़ी है।

