राहुल चावला,धर्मशाला: पर्यटन सीजन के दौरान मैक्लोडगंज में इस बार ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहेगी। लोगों को यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस मैक्लोडगंज में नया ट्रैफिक (वनवे) प्लान बना रही हैं। इसके लिए जिला पुलिस प्रमुख स्वयं मैक्लोडगंज क्षेत्र का दौरा भी कर चुके हैं। पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज में टूरिस्ट सीजन में बढ़ी वाहनों की आवाजाही के चलते यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि धर्मशाला मैकलोडगंज में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की आवाजाही अधिक संख्या में होती है जिस को मद्देनजर रखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कांगड़ा में शक्तिपीठ होने के कारण बाहरी राज्यों से पर्यटक बड़ी संख्या में जिला कांगड़ा का रुख करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में वनवे ट्रैफिक व्यवस्था और आउटर रिंग तैयार की गई है, ताकि ट्रैफिक समस्या से निपटा जा सके।
एसपी ने कहा कि ट्रैफिक को मैकलोड़गंज चौक से बाहर ले जाने के लिए पुलिस ने प्लान तैयार किया हैं। इसके तहत 6 डिफरेंट पुलिस बैरिकेट्स स्थापित किए गए हैं,जिसमें चर्च, जोगीवाड़ा रोड, भागसुनाग,, मैकलोड़गंज चौक और धर्मकोट की ओर से ट्रैफिक को होल्ड करके और पुलिस टीम की ओर से कंट्रोल कर वन वे के रूप में चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक को कंट्रोल करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण है, परंतु पर्यटन सीजन को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मैकलोडगंज पुलिस को दिया गया हैं।
एसपी ने कहा कि इसके अतिरिक्त पुलिस की ओर से मैकलोडगंज और धर्मशाला के बीच कुछ ट्रैफिक पॉइंट्स को चयनित किया गया हैं। जहां पर ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मैनपावर को कम किया जा सके और एक निर्धारित समय के अनुसार ट्रैफिक का फ्लो बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक लाइट के साथ सीसीटीवी कैमरा को भी स्थापित करने का एक प्रपोजल तैयार किया गया है ताकि ट्रैफिक की समस्या से निपटा जा सके ओर पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।
