अरविंदर सिंह,हमीरपुर:पोखरण परीक्षण की सफलता के उपलक्ष्य पर हर साल मनाए जाने वाले राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में गुरुवार को सेमिनार का आयोजन किया गया। सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण विषय पर आयोजित सेमिनार में उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विषय पर छात्रों के साथ संवाद भी किया।
इस मौके पर हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रोफेसर शशि धीमान भी मौजूद रहे। सेमिनार के दौरान तकनीकी विश्वविद्यालय के छात्रों ने सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकत्रित दृष्टिकोण विषय और भविष्य में प्रौद्योगिकी को किस तरह बेहतर ढंग से प्रयोग में लाया जा सकता हैं। इन विषयों पर उन्होंने अपने विचार प्रकट किए। वहीं उपायुक्त हेमराज बैरवा ने छात्रों से प्रौद्योगिकी के महत्वता और उसका जीवन मे बेहतर तरीके से प्रयोग करने पर बल दिया ।
उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने कहा कि आज देश में पोखरण परीक्षण की सफलता की वर्षगांठ मनाई जा रही है और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद किया गया। उन्होंने कहा कि आज के प्रौद्योगिकी दौर में छात्रों को नई तकनीक से रूबरू होने की आवश्यकता है और प्रौद्योगिकी में बेहतर इस्तेमाल से जीवनयापन में बहुत लाभ मिल रहा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा भी प्रदेश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश करने पर बल दिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण को लेकर युवाओं को बेहतर मौके उपलब्ध करवाने पर भी काम किया जाएगा।
