मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विविधता लाते हुए वॉयस ऑफ शिवरात्रि के आयोजन की पहल की गई है।यह प्रतियोगिता महोत्सव के दौरान होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के अलग की जाएगी।साथ ही इस बार महोत्सव के दौरान छोटी काशी में ब्यास आरती भी होने जा रही है।
वीरवार को शिवरात्रि महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति की आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त एवं उप-समिति के अध्यक्ष रोहित राठौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार के साथ ही शिवरात्रि महोत्सव की मुख्य सांस्कृतिक संध्याओं में उपयुक्त समय प्रदान करने पर भी विचार किया जा रहा है।
एडीसी मंडी रोहित राठौर ने दी ये जानकारी
एडीसी मंडी रोहित राठौर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 की आम सभा की बैठक में इस बारे में वायस ऑफ शिवरात्रि का सुझाव प्राप्त हुआ है।इस पर विचार करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति ने वॉयस ऑफ शिवरात्रि के आयोजन पर सहमति जताई है।अलग से आयेाजित होने वाली इस प्रतियोगितता की रूपरेखा तय कर शीघ्र ही इसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा।अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव के दौरान ब्यास आरती के आयोजन की भी तैयारियां की जा रही हैं।इस आयोजन को भव्य तरीके से संपन्न करने के लिए उन्होंने उप-समिति के सभी सदस्यों एवं आम लोगों से भी सुझाव आमंत्रित किए हैं।
