मंडी:धर्मवीर(TSN)-पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बयान पर पटलवार किया है। मंडी में जयराम ठाकुर ने कहा कि कंगना रनौत को बाहरी प्रत्याशी बताने वाले पहले यह बताएं कि वे राज्यसभा का प्रत्याशी कहां से लेकर आए थे।कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश और मंडी की बेटी है।मंडी जिला के भांबला में कंगना का घर है और मनाली में भी कंगना ने अपना घर बनाकर रखा है।इन सब बातों की मुकेश अग्निहोत्री और सभी नेताओं को जानकारी है। ऐसे बयान देने से पहले मुकेश अग्निहोत्री को समझना चाहिए और सोच विचार कर ही बयान देने चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी सोच समझकर बयान देने की नसीहत दी।उन्होंने कहा कि कंगना रनौत ने मायानगरी में जो नाम कमाया है और बुलंदियों पर पहुंची है वह कोई आसान काम नहीं है।ऐसा कर पाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। इसलिए यदि किसी ने किसी क्षेत्र विशेष में अपनी पहचान बनाई है तो उसका सम्मान करना चाहिए।विक्रमादित्य सिंह को सोच समझकर बोलने की जरूरत है।
BJP को नहीं किसी भी प्रकार के आपरेशन लोटस को करने की जरूरत
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को प्रदेश में किसी भी तरह के आपरेशन लोटस की कोई जरूरत नहीं है।कांग्रेस के नेता अपनी सरकार और पार्टी से दुखी होकर खुद ही भाजपा में शामिल हो रहे हैं। प्रदेश में हालात यह हो चुके हैं कि प्रदेशाध्यक्ष और मंडी की सांसद चुनाव लड़ने से इनकार कर रही है क्योंकि न तो नेताओं के काम हो रहे हैं और न ही विधायकों के।इसलिए आने वाले समय में सरकार का जाना तय है और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
