Mandi,Dharamvir(TSN)-बुधवार सुबह उस वक्त डीसी ऑफिस मंडी में हडकंप मच गया जब यहां की अधिकारिक ईमेल आइडी पर ऑफिस को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल रिसिव हुआ।इस ईमेल को मंडी जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से डीसी ऑफिस,एसपी ऑफिस और कोर्ट कॉम्पलेक्स को पूरी तरह से खाली करवा दिया।इसके बाद पूरे परिसर में तुरंत प्रभाव से सर्च आपरेशन शुरू कर दिया गया।दिन भर की जांच पड़ताल के बाद किसी भी तरह का कोई बम या अन्य संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।
अभी तक जांच में कुछ नहीं आया सामने- S.P
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मंडी,कुल्लू और मध्य पुलिस रेंज की तीन टीमें पूरे परिसर की जांच पड़ताल कर रही हैं।उन्होंने बताया कि ईमेल किसने भेजा,इसकी जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाले ने वीरवार को दोपहर के करीब इसके धमाके की बात लिखी है।
आने वाले दिनों में डीसी ऑफिस में रहेगी कड़ी सुरक्षा- D.C
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इन तीनों ही कार्यालयों में लोगों का भारी संख्या में आना-जाना लगा रहता है और यहां कर्मचारियों की संख्या भी ज्यादा है।इसलिए सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीनों ही कार्यालयों को तुरंत प्रभाव से खाली करवा दिया था। पुलिस अपना काम सही ढंग से कर रही है।उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में डीसी ऑफिस परिसर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की गंभीरता से जांच पड़ताल की जाएगी।किसी भी नीजि वाहन को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है और कहा कि लोग इन कार्यालयों में बहुत ज्यादा जरूरी कार्य होने पर ही आएं।यह निर्णय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही लिया गया है।
बता दें कि बम की सूचना मिलने के बाद से ही डीसी और एसपी ऑफिस के बाहर लोगों का जमघट लग गया था।हालांकि अधिकतर लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि यह किसी के द्वारा की गई शरारत है।लेकिन पुलिस और प्रशासन इस मामले में पूरी गंभीरता दिखाते हुए पूरे परिसर की जांच पड़ताल कर रहे हैं।
