Bilaspur, Subhash (TSN)-ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर शुक्रवार, 16 मई को बिलासपुर नगर में एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा नगर पालिका विश्राम गृह गुरुद्वारा से शुरू होकर शहीदी स्मारक, चंगर तक पहुँची। आयोजन का नेतृत्व सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने किया।
इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के साथ वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने सशक्त और निर्णायक कार्रवाई करते हुए देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कठिन परिस्थिति में लिए गए निर्णयों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया है।
