Kangra, Sanjeev-हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला कांगड़ा की नूरपुर विधानसभा क्षेत्र भी इससे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां बरसात के साथ-साथ निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना भी लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है।
जानकारी के अनुसार कंडवाल से भेड़खड़ तक बारिश का पानी और फोरलेन से निकली निकासीहीन धाराओं ने गांवों और कस्बों को डूबो दिया। निचले क्षेत्रों के घरों में पानी और कीचड़ भर गया है। सबसे अधिक नुकसान राजा का बाग और नागा बड़ी इलाके में दर्ज किया गया है, जहां फोरलेन निर्माण कार्य ने जलनिकासी को बाधित कर दिया और घरों में पानी घुस आया।भडवार, खैरियां, मिझग्रां, नगरोटा, हाथीधार और सुलयाली जैसी पंचायतों में भारी तबाही हुई है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं, कई मकान क्षतिग्रस्त हुए और सड़क मार्ग जगह-जगह अवरुद्ध हो गए।
स्थिति का जायजा लेने तहसीलदार नूरपुर राधिका सैनी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है और पीड़ित परिवारों को हर संभव राहत उपलब्ध कराई जा रही है। नुकसान का आंकलन जारी है और जिनके घर प्रभावित हुए हैं, उनके पुनर्वास के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।नूरपुर की यह आपदा प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि रेस्क्यू से लेकर राहत सामग्री तक हर कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिल सके।
