संजु चौधरी,शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदल रहा है. ऐसे में पर्यटन कारोबार से जुड़े हुए लोगों के लिए भी उम्मीद की एक नई किरण दिखाई दी है। बर्फबारी की उम्मीद के साथ ही, पर्यटन कारोबारी हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद कर रहे है। राजधानी शिमला में इन दिनों 50 फ़ीसदी ऑक्युपेंसी चल रही है। वही पर्यटन कारोबारियों ने भी उम्मीद जताई है कि 15 दिसंबर के बाद पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और होटल इंडस्ट्री में ऑक्युपेंसी 70 से 100 फ़ीसदी तक जाएगी।
शिमला टूर ऑपरेटर यूनियन के जनरल सेक्रेटरी मनु सूद ने बताया कि इन दिनों शिमला में होटलों में लगभग 50 फीसदी ऑक्युपेंसी चल रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले 15 दिसंबर के बाद शिमला जैसे इलाकों में एक बार फिर पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद है। सूद ने कहा कि इस वर्ष 25 दिसंबर यानी क्रिसमस तक व्हाइट क्रिसमस होने की उम्मीद बनती दिख रही है. लिहाजा इसका असर पर्यटन कारोबार पर भी देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि अगर क्रिसमस पर प्रदेश में और ख़ास तौर पर शिमला में बर्फबारी होती है तो 100 फ़ीसदी ऑक्युपेंसी भी देखने को मिल सकती है।
वहीं पर पर्यटकों को लुभाने के लिए होटल एसोसिएशन और ट्रेवल एसोसिएशंस ने भी लुभावने ऑफर निकाले है। उन्होंने कहा कि कई होटल सैलानियों को लुभाने के लिए मुफ़्त बोन फायर, संगीत, बारबिक्यू जैसी एक्टिविटीज भी उपलब्ध करवा रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने बताया कि सैलानियों को लुभाने के लिए टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों ने भी एडवांस बुकिंग पर 10 फ़ीसदी डिस्काउंट देने का निर्णय लिया हैं।उन्होंने बताया कि फरवरी तक एडवांस बुकिंग के लिए फोन भी आ रही हैं, जिससे अंदाजा हो रहा है कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर 100 फ़ीसदी ऑक्युपेंसी जा सकती हैं। मनु सूद ने बताया कि हालांकि पिछले साल बर्फ न गिरने से विंटर सीजन पर्यटन कारोबार के लिहाज से फीका रहा,लेकिन इस बार बर्फ गिरने की उम्मीद बनी है, ऐसे में पर्यटन सीजन भी लंबा चलने की उम्मीद हैं। बीते दिनों हिमाचल प्रदेश की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई थी जिसके चलते पर्यटकों की आमद बढ़ी थी ऐसे में अगर बर्फबारी होती है तो 15 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच ऑक्युपेंसी 100 परसेंट तक जाने की उम्मीद हैं।
