Kullu, 12 June-हिमाचल प्रदेश का लोकप्रिय हिल स्टेशन कुल्लू-मनाली एक बार फिर सैलानियों से गुलजार हो गया है। जून के पहले सप्ताह में यहां पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त इज़ाफ़ा देखने को मिला है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए देशभर से सैलानी मनाली की ठंडी वादियों का रुख कर रहे हैं। बीते तीन दिनों में करीब 60,000 से अधिक पर्यटक कुल्लू-मनाली पहुंचे हैं।
मनाली मॉल रोड से लेकर आस-पास के सभी प्रमुख पर्यटक स्थल – अटल टनल, सोलंगनाला, रोहतांग दर्रा और लाहौल के सिस्सू तक भारी चहल-पहल देखी जा रही है। सोलंगनाला में एडवेंचर स्पोर्ट्स का मज़ा और रोहतांग में बर्फ से ढकी चोटियों का नज़ारा सैलानियों को लुभा रहा है।
गर्म मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि मनाली में दिन का तापमान 25°C और शाम को 15°C के आस-पास बना हुआ है, जिससे पर्यटक राहत की सांस ले रहे हैं। पिछले तीन दिनों में यहां लगभग 8,000 वाहन पहुंचे हैं, जिससे ट्रैफिक और होटल बुकिंग दोनों में भारी उछाल देखा गया है।
अहमदाबाद से आए पर्यटक नीलेश और समीर ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले मनाली आने की योजना बनाई थी और यहां आकर उन्हें मानसिक शांति और प्रकृति के सौंदर्य का अनुभव हुआ है।
होटल व्यवसाय में भी बढ़ी रौनक
होटलियर एसोसिएशन मनाली के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर के अनुसार, इस समय मनाली के होटलों में 80 से 90 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि मई में पर्यटन सीज़न कमजोर रहा, लेकिन जून की शुरुआत में ही लगभग 1 लाख से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं और आगे वीकेंड में संख्या और बढ़ने की संभावना है।
