संजु चौधरी, शिमला: राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में शुक्रवार को चौपाल युवा छात्र संघ की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसका शुभारंभ नगर निगम के पार्षद और शिमला व्यापारमंडल के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदान भी किया। रक्तदान शिविर में छात्रों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ओर पर्यटकों ने भी रक्तदान किया। साथ ही लोगों को भी रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस शिविर में आईजीएमसी के डॉक्टरों की टीम ने सहयोग किया। इस शिविर में एकत्र सारा ब्लड आईजीएमसी ब्लड बैंक भेजा जाएगा।
इस मौके नगर निगम के पार्षद और शिमला व्यापारमंडल के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने चौपाल युवा छात्र संघ को रक्तदान शिविर का आयोजन करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान हैं,जिससे की दूसरे व्यक्ति की जिंदगी को बचाया जा सकता है। शहर के अस्पतालों में रक्त की कमी रहती है और इस तरह के शिविर लगा कर अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि चौपाल युवा छात्र संघ समय-समय पर इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन कर अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने का प्रयास करते है। उन्होंने लोगों से भी समय- समय पर रक्तदान करने का आग्रह किया और कहा कि रक्तदान करने से किसी तरह की कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 35वीं बार अपना ब्लड डोनेट किया है और लोगों से भी आग्रह किया है ज्यादा से ज्यादा ब्लड को डोनेट करें ।
