अनिल कुमार, किन्नौर: किन्नौर के चीन सीमांत क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के चलते लोग रेडियो और टीवी देख और सुन नहीं पाते हैं। इन लोगों तक ना तो रोजाना की जरूरी खबरें पहुंचती है और ना ही सरकार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंच पा रही है। ऐसे में अब चीन सीमांत सभी क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से लोगों को फ्री डिश सेवा दी जाएगी।
जल्द ही यह सेवा लोगों को मुहैया करवाई जाएगी, ताकि जिला के लोगों को रेडियो और टीवी दोनों पर हर जानकारी मिल सके। धर्मपाल सिंह नेगी, प्रसार भारती के फाइनेंस मेंबर व मेंबर पर्सनल भारत सरकार ने कबायली जिला किन्नौर प्रवास के दौरान मीडिया से रूबरू होते यह जानकारी दी कि चीन तिब्बत सीमा से सटे सभी क्षेत्रों के लोगों को फ्री डिश मिलने से बोडर एरिया में नेटवर्किंग मजबूत होगा। लोग देश-विदेश में हो रही घटनाओं से भी अवगत होंगे। इसके अलावा लोगों को सरकार की हर लाभ वाले योजनाओं के बारे मे भी पता चल सकेगा। बता दें कि बॉर्डर एरिया में अभी भी बहुत से गांव में कोई भी नेटवर्क नहीं है। ऐसे में फ्री डिश मिलने के बाद बॉर्डर एरिया के लोग भी टेलीविजन के माध्यम से देश दुनिया से जुड़ सकेंगे। वहीं चीन की गतिविधियों पर भी नज़र रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश चीन रोजाना अपने नेटवर्क के माध्यम से अपनी शक्ति दिखाने क़ा प्रयास करता रहता है। ऐसे में अब भारत की तरफ से भी रेडियो, टेलीविजन की गतिविधियों को तेज करने के लिए सरकार काम कर रही है। आज भारत चीन से नेटवर्किंग दुनिया में बहुत आगे बढ़ा है और अब जिला के चीन सीमांत ग्रामीण क्षेत्रों मे भारत सरकार के फ्री डिश को जल्द लोगों को दिया जाएगा ताकि लोगों को बिना शुल्क के टेलीविजन पर समाचार व अन्य मनोरंजन चीजें देखने को मिल सके।
