कुल्लू :मनमिन्दर अरोड़ा -थाना कुल्लू के अंर्तगत हुए सड़क हादसे में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तारी के कारण हुआ है। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है।
सड़क हादसा बीती रात कुल्लू – मनाली उच्च मार्ग पर रात करीब डेढ़ बजे हुआ जब देवधाम रेस्तरां में कार्यरत 2 व्यक्ति जेसीबी ऑपरेटर के साथ ड्यूटी के समाप्त होने के बाद वाशिंग की तरफ जा रहे थे। जब तीनों हुंडई शोरूम के समीप पहुंचे, तो उसी समय एक फोरचुनर गाड़ी तेज रफ्तारी से आई और सड़क मार्ग पर जा रहे तीनों व्यक्तियों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया , जहां तैनात डॉक्टर द्वारा देवधाम में कार्यरत दोनों व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच गया व दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
आरोपी गाड़ी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशीष शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति ओम प्रकाश (26) पुत्र प्रेम चन्द निवासी गांव बंदल डाकघर फूलानाल तहसील बालीचौकी जिला मण्डी के बयान दर्ज किए गए। घायल के अनुसार हादसा एचपी 66 – 0056 के चालक चंदन करीर पुत्र नरेश करीर निवासी वाशिंग कुल्लू की तेज रफ्तारी के कारण हुआ है। मृतकों की पहचान महेश व रमेश निवासी नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपी गाड़ी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
