नाहन -:हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर आगे उस समय हुआ, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचाव टीम ने कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।हादसे में धरगौण प्लासो (तहसील सराहां) निवासी 48 वर्षीय रीना शर्मा और कार चला रहे 65 वर्षीय अधिकारी जेटली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।दुर्घटना में अधिकारी जेटली के पुत्र यशस्वी जेटली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज नाहन में जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी चार लोग सराहां क्षेत्र के निवासी थे। मृतक रीना शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।प्रशासन के अनुसार यह हादसा रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल को 5 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
