Kangra, Sanjeev –ढलियारा (देहरा)। मां चामुंडा मंदिर में लंगर सेवा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रक मंगलवार को ढलियारा के पास पलट गया। दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल देहरा में चल रहा है।
हादसा एनएच-503 पर ढलियारा के तीखे मोड़ों पर हुआ। बठिंडा से श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा ट्रक (PB 03B Q 1344) रास्ते में एचआरटीसी बस से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स से अटककर रुक गया, जबकि श्रद्धालु और ट्रक में रखा राशन व गैस सिलेंडर नीचे खाई में जा गिरे। राहत की बात रही कि दर्जनभर से अधिक सिलेंडर होने के बावजूद कोई विस्फोट नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी
टक्कर और हादसे से घबराकर कुछ श्रद्धालु चलते-चलते ट्रक से कूद गए। हादसे में एक बच्चा भी घायल हुआ है। सभी मृतक और घायल श्रद्धालु बठिंडा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस 108 से अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहरा मयंक चौधरी, डीएसपी शुमायला चौधरी और एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुड्स वाहनों में सफर पर रोक
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि हादसे में दो लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हुए हैं। छह गंभीर घायलों को टांडा रेफर किया गया है। उन्होंने साफ किया कि सामान ढोने वाले वाहनों में श्रद्धालुओं या यात्रियों को ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस तरह की लापरवाही से बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को सख्त आदेश दिए जा रहे हैं कि गुड्स वाहनों में किसी भी हालत में यात्रियों को सफर न करने दिया जाए। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
