संजीव महाजन,नूरपुर: पुलिस जिला नूरपूर के थाना डमटाल के तहत हिलटॉप दुर्गा मंदिर डमटाल के पास बद्री से लादा एक ट्रक में अचानक से आग लग गई। PB13BJ5300 ट्रक पठानकोट से जालंधर की तरफ जा रहा था। जब ट्रक हिलटॉप मंदिर से डमटाल की तरफ ढलान पर पहुंचा तो अचानक ट्रक में आग लग गई।
आग लगते ही ड्राइवर तजिंदर सिंह, पुत्र कर्म सिंह जिला संगरूर (पंजाब) ने ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया और ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी डमटाल बलवीर सिंह अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को व्यवस्थित किया गया। पुलिस की ओर से घटना की सूचना अग्निशमन विभाग जसूर अग्निशमन विभाग पठानकोट को दी गई जिस पर कार्रवाई करते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही हैं।
