बिलासपुर :सुभाष ठाकुर – भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक त्रिलोक जम्वाल ने सरकार की फोरलेन के दोनों ओर लैंड यूज फ्रीज करने की अधिसूचना को तुगलकी फरमान करार दिया है। उनका कहना है कि सरकार का यह निर्णय जनता के हितों के खिलाफ है। जिसे सरकार जल्द से जल्द वापिस ले। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है,तो भाजपा इस ज्वलंत विषय को लेकर जनता के बीच जाएगी और उचित कार्यवाही भी प्रदेश सरकार के खिलाफ करने से पीछे नहीं रहेगी।
बिलासपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में आज फोरलेन बनकर तैयार हो गया है। लेकिन, फोरलेन के बनने के बाद प्रदेश सरकार ने एक तुगलकी फरमान जारी कर दिया है। जिसके तहत फोरलेन के दोनों ओर 100-100 मीटर की दूरी पर कोई कंस्ट्रक्शन नहीं हो सकती है। बीती 19 जून को प्रदेश सरकार ने अपनी केबिनेट में यह निर्णय लिया है। इसमें 5 वर्ष के लिए फ्रीजिंग की शर्त लगाई गई है। यह निर्णय पूरे प्रदेश के लिए लिया गया है।त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि बिलासपुर के लोग पहले भी उजड़े थे और फोरलेन बनने के दौरान भी उजड़े हैं। लेकिन, अब त्याग के बाद वह 100 मीटर के एरिया में अपना घर भी नहीं बना सकते हैं। वह जमीन यदि एग्रीकल्चर की है, तो एग्रीकल्चर की रहेगी और यदि कॉमर्शियल होगी, तो कॉमर्शियल रहेगी। उसमें कोई चेंज नहीं होगा। इससे न तो बिलासपुर में टूरिस्ट रूकेगा और न ही यहां के लोगों को रोजगार मिल पाएगा।
